Home छत्तीसगढ़ BJP नेता और छालीवुड एक्टर राजेश अवस्थी का निधन:गरियाबंद में चुनाव प्रचार...

BJP नेता और छालीवुड एक्टर राजेश अवस्थी का निधन:गरियाबंद में चुनाव प्रचार के दौरान आया हार्ट अटैक, रायपुर में होगा अंतिम संस्कार

0
72

acn18.com   छत्तीसगढ़ी एक्टर और बीजेपी नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि, गरियाबंद में रविवार रात को नगरीय निकाय चुनाव के प्रचार के दौरान अचानक उनके सीने में दर्द उठा। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया गया।

राजेश अवस्थी (41) छत्तीसगढ़ी फिल्म विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। डॉ. रमन सिंह सरकार के समय में छत्तीसगढ़ फ़िल्म विकास निगम बना था। राजेश अवस्थी फिल्म निगम के पहले अध्यक्ष थे। आज सोमवार दोपहर 1 बजे रायपुर के महादेव घाट में राजेश अवस्थी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।गरियाबंद में बीजेपी प्रत्याशी के प्रचार के दौरान नेताओं के साथ राजेश अवस्थी।

गरियाबंद के रहने वाले थे राजेश

राजेश अवस्थी गरियाबंद के रहने वाले थे। वो फिलहाल रायपुर में भी रह रहे थे। उन्होंने राजनीतिक शास्त्र में ग्रेजुएशन और कंप्यूटर साइंस में पोस्ट ग्रेजुएशन किया था। हालांकि गरियाबंद निवासी होने के चलते यहां की हर राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे। नगरीय निकाय चुनाव के दौरान भी लगातार गरियाबंद में सक्रिय रहे।

देर रात डॉक्टर ने मृत घोषित किया

रविवार को राजेश भाजपा के समर्थन में डोर टू डोर प्रचार में लगे थे। रात 11 बजे सीने में दर्द उठने पर उन्हें गरियाबंद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर हरीश चौहान ने उन्हें 11.28 बजे डेथ घोषित कर दिया। आशंका जताई गई है कि हार्ट अटैक से मौत हुई है।

छत्तीसगढ़ी एक्टर और बीजेपी नेता राजेश अवस्थी का हार्ट अटैक से निधन हो गया है।

CM साय बोले- छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता एवं निर्माता, भारतीय जनता पार्टी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजेश अवस्थी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उनका निधन छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग के लिए अपूरणीय क्षति है।

whatsapp image 2025 02 03 at 101111 am 1738558816

प्रदेश अध्यक्ष बोले- हमने समर्पित कार्यकर्ता खो दिया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि, आज हम सब बहुत दुखी हैं। शोक में है। हमारी पार्टी के सिपाही, बीजेपी के सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक, छत्तीसगढ़ के गौरव राजेश अवस्थी का निधन समाचार मिलने से मन बहुत आहत है।

हमने एक बेहद समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकेगी। मैं भगवान से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। परिवार जनों को इस भारी दुख को सहने की शक्ति मिले। ऐसी भगवान के चरणों में प्रार्थना है।

बीजेपी ने रद्द किया कार्यक्रम

भाजपा नेता राजेश अवस्थी के निधन के चलते सोमवार को दोपहर 12 बजे होने जा रहे घोषणा पत्र लॉन्च कार्यक्रम को बीजेपी ने स्थगित कर दिया है। अब यह कार्यक्रम आज शाम 4 बजे बेहद साधारण तरीके से होगा। निकाय चुनाव को लेकर आज पार्टी ने थीम सॉन्ग लॉन्च करने का कार्यक्रम भी तय किया था, इसे रद्द किया गया है।