छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट के आरोपियों का यूपी में पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी। यूपी पुलिस आरोपियों का पीछा कर रही थी। छत्तीसगढ़ पुलिस भी आरोपियों की पहचान कर उन्हें ट्रेस कर रही थी।
इसी दौरान बदमाश यूपी पुलिस के हाथ लग गए और धरपकड़ करते समय लुटेरे भाग रहे थे तब पुलिस ने उन्हें पकड़ने के लिए फायरिंग की। भागते समय एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिससे वो घायल हो गया है। UP पुलिस आज इस मामले का मिर्जापुर में खुलासा करेगी।
बता दें कि सरकंडा के राजकिशोर नगर में सराफा कारोबारी संतोष तिवारी मंगलवार की रात लूट की वारदात हो गई थी। इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। आईजी रामगोपाल गर्ग खुद मौके पर पहुंचकर अफसरों को दिशानिर्देश देते रहे।
जांच के दौरान टीम ने शहर के आउटर इलाके के ग्राम उरतुम के पास सराफा कारोबारी संतोष की लूटी हुई कार को बरामद कर लिया। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। साथ ही तकनीकी जांच कर आरोपियों को ट्रेस कर लिया। हालांकि, पुलिस अफसर अभी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं।




