Home Astrology कोरबा साइबर थाने में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, टीआई ललित चंद्रा बने नए...

कोरबा साइबर थाने में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, टीआई ललित चंद्रा बने नए प्रभारी

0
31

कोरबा साइबर थाने में बड़ा प्रशासनिक बदलाव, टीआई ललित चंद्रा बने नए प्रभारी
कोरबा जिले के साइबर थाने में प्रशासनिक कार्यो में कसावट लाने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के आदेश पर साइबर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अजय सोनवानी को स्थानांतरित कर उनकी जगह अब थाना निरीक्षक ललित चंद्रा को साइबर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह बदलाव सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 के प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। अधिनियम की धारा 78 के अनुसार, आईटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज अपराधों की जांच वही पुलिस अधिकारी कर सकता है, जो निरीक्षक पद से नीचे का न हो। दंड प्रक्रिया संहिता में दिए गए प्रावधानों के बावजूद इस शर्त का पालन अनिवार्य है। इसके बावजूद 24 जनवरी को साइबर थाना का प्रभार सब इंस्पेक्टर को सौंपा गया था, जिसे लेकर नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई।
एसपी कार्यालय से जारी नए आदेश के बाद पुलिस महकमे में इस निर्णय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि साइबर अपराधों की बढ़ती संवेदनशीलता, तकनीकी प्रकृति और कानूनी जटिलताओं को देखते हुए अब एक अनुभवी अधिकारी को साइबर थाना की कमान सौंपी गई है।
अब सबकी निगाहें नए प्रभारी के नेतृत्व में साइबर थाना की कार्यप्रणाली पर टिकी हैं। आम नागरिकों को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा और पीड़ितों को समय पर न्याय और राहत मिल सकेगी।