छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल
10 जून 2024 को बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट परिसर में आगजनी के मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल को चौथरी बार गिरफ्तार किया है।
बलौदा बाजार कलेक्ट्रेट परिसर में 10 जून 2024 को हुई आगजनी और हिंसा की घटना के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस बहुचर्चित प्रकरण में अब तक 200 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। बलौदा बाजार पुलिस ने उन्हें एक अन्य प्रकरण में गिरफ्तार करते हुए रायपुर सेंट्रल जेल से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बलौदा बाजार न्यायालय में पेश किया। बताया जा रहा है कि मामला क्रमांक 383/24 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
अमित बघेल की यह चौथी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि, जनवरी माह में इस मामले में अमित बघेल की पहली गिरफ्तारी हुई थी। आगजनी और हिंसा से जुड़े प्रकरण में यह उनकी चौथी गिरफ्तारी बताई जा रही है। वहीं, इसी मामले में छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव को भी गिरफ्तार कर बलौदा बाजार न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
10 जून को हुई हिंसा और आगजनी की घटना के बाद से प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। लगातार गिरफ्तारी और पूछताछ के जरिए पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है। अमित बघेल की ताजा गिरफ्तारी के बाद मामला और तेजी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है




