रंग में भंग का प्रयास, युवकों ने किया तांडव
देखिए वीडियो

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में होली की रात जहां एक ओर रंग और उल्लास का माहौल था, वहीं कुछ इलाकों में बदमाशों का तांडव भी देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लगे पुटपुरा गांव, जो जांजगीर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है, वहां युवकों के एक समूह ने मुख्य मार्ग पर कई जगह सड़क जाम कर दिया। चार पहिया वाहनों पर पथराव किया गया और शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया। कुछ युवक चाकू लहराते हुए गांव में घूमते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इधर पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद में भी कुछ युवक ट्रैक्टर पर सवार होकर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए, जिसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।
हालांकि होली से पहले जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे। करीब 750 स्ट्राइक फोर्स जवान, 100 अतिरिक्त पुलिस बल, 50 चार पहिया वाहन और 100 बाइक पेट्रोलिंग में तैनात किए गए थे। ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी। इसके बावजूद पुटपुरा गांव में उपद्रव की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब देखना होगा कि पुलिस इन बेखौफ उपद्रवियों पर क्या सख्त कार्रवाई करती है।




