
कोरबा . कोरबा बनमण्डल के कोलगा मदनपुर में की जा रही पेड़ों की कटाई का मामला एक बार फिर गरमा गया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच नाराजगी जताई और कटाई से सम्बंधित सामानों को छीन लिया। दूसरी ओर वन विभाग का कहना है कि कोरबा में कूप कटाई का काम सरकार की अनुमति चल रहा है और इसमें कुछ गलत है नहीं। मामले में हम आगे जरूरी प्रक्रिया की तरफ जरूर बढ़ेंगे।लोगों द्वारा फारेस्ट अमले के आसपास विरोध की ये तस्वीर कोरबा बनमण्डल के कोलगा मदनपुर की है। इनमें पुरुषों के साथ महिलाओं की भी उपस्थिति रही। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने अपनी इलाके में काफी संख्या में पेड़ों की कटाई होने की जानकारी मिलने पर यहां पहुंचने के साथ नाराजगी दर्ज कराई और फिर मैदानी अमले के पास मौजूद पेड़ों को काटने वाला सामान अपने कब्जे में कर लिया। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोगों ने कुछ कटे हुए पेड़ों को भी उन गाड़ियों से निकाल लिया, जिसमे उन्हें रखा गया था।

मौके पर हंगामा होने पर फॉरेस्ट का मैदानी तंत्र बेबस नजर आया। अधिकारियों को जानकारी देने के बाद उसने मौके से दूरी बनानी उचित समझी। इस संबंध में वन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी करने पर मालूम चला कि पिछले वर्ष कोलगा में कूप संख्या 1 की कटाई भारत सरकार की अनुमति से की गई थी और इस वर्ष कूप संख्या दो की कटाई कराई जा रही है। विधिवत नियम और प्रक्रिया अपनाकर इस प्रकार के कार्य कराए जाते हैं। इसमें गलत कुछ है नहीं। अधिकारी के अनुसार वन क्षेत्र में ऐसे वृक्ष जो अनुपयोगी होते हैं या लगभग मृतप्राय हो जाते हैं, उन्हें काटना होता है। वन विभाग का कहना है कि इससे पहले भी ग्रामीण क्षेत्र के कुछ लोगों ने हमारे काम में बाधा उत्पन्न की थी और इस बार भी वे ऐसा ही कुछ कर रहे हैं। निश्चित रूप से इस तरह की घटना को लेकर विभाग अपने स्तर पर आगे कार्यवाही करेगा ही।



