Home Uncategorized एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन, 71 की उम्र में दुनिया को कहा...

एक्ट्रेस-सिंगर सुलक्षणा पंडित का निधन, 71 की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

0
129

मुंबई। अभिनय के साथ गायिकी में अपनी पहचान बनाने वाली पिछली सदी के सातवें और आठवें दशक की अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का गुरुवार को निधन हो गया। वह 71 साल की थीं।

उनके भाई और संगीतकार ललित पंडित ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें कार्डिक अरेस्ट आया था। 12 जुलाई, 1954 को जन्मी सुलक्षणा संगीत-परिवार से ताल्लुक रखती थीं।

महान शास्त्रीय गायक पंडित जसराज उनके चाचा थे। उनकी तीन बहनें और तीन भाई हैं, जिनमें भाई जतिन-ललित प्रसिद्ध संगीतकार बने। सुलक्षणा ने मात्र नौ वर्ष की उम्र से संगीत सीखना आरंभ कर दिया था। उन्होंने चलते-चलते, उलझन, अपनापन समेत कई फिल्मों में गाना गाया था।

साल 1975 में फिल्म ‘संकल्प’ का गीत ‘तू ही सागर है तू ही किनारा’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ गायिका का फिल्मफेयर अवार्ड मिला था। वहीं उलझन, संकल्प, राजा, हेराफेरी, संकोच, अपनापन, खानदान और वक्त समेत अनेक फिल्मों में उन्होंने अभिनय भी किया था। उनका पहला गाना तकदीर (1967) फिल्म में लता मंगेशकर के साथ सात समुंदर पार से.. था।