acn18.com रायपुर/ छत्तीसगढ़ की ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है। प्रदेश में मौसम शुष्क है। रात के तापमान में वृद्धि होने से ठंड कम होने लगी है। दिन में भी पारा सामान्य से ऊपर होने के कारण हल्की गर्मी बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अगले एक-दो दिन तक मौसम में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। तापमान में थोड़ा बदलाव हो सकता है। रात के तापमान में प्रदेश में सभी जगहों पर वृद्धि रिकार्ड की गई है। रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रारोड और अंबिकापुर सहित कई जगहों पर न्यूनतम तापमान सामान्य और उससे ऊपर पहुंच गया है।
पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री था। शनिवार को यह 14 डिग्री पहुंच गया। जगदलपुर में भी तापमान में पिछले 24 घंटे में करीब तीन डिग्री की वृद्धि हो गई। दुर्ग और राजनांदगांव में भी रात के तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन यहां अभी भी पारा सामान्य से कम है।
नमी के कारण चढ़ेगा पारा
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ के ऊपरी हवा में चक्रवात की वजह से कुछ नमी आ सकती है। इससे न्यूनतम तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। उत्तर से आ रही हवा में भी थोड़ा बदलाव होने से दिन में भी तापमान बढ़ेगा। प्रदेश में कल मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में वृद्धि होगी। रायपुर में अधिकतम तापमान 33 और रात में पारा 19 डिग्री के आसपास रहेगा।