acn18.com कोरबा/कोरबा जिले के ग्राम बनिया में बेबी एलीफैंट को मारकर खेत में दफनाए जाने के मामले में नाबालिग समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि मुख्य आरोपी कमलभान सिंह अभी भी फरार है। हाथी के शावक को मारने की साजिश स्थानीय जनपद पंचायत सदस्य कमलभान सिंह ने रची थी। मामला पसान वन परिक्षेत्र का है।
इधर मुख्य आरोपी के वनकर्मियों को धमकाने का ऑडियो भी वायरल हो रहा है। कमलभान उर्फ कोमल सिंह ने धमकी दी थी कि अगर हाथी फसलों को नुकसान पहुंचाएंगे, तो वो इस इलाके को हाथी विहीन कर देगा। वो सारे हाथियों को मार डालेगा। उसने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर तमाम आरोप भी लगाए थे। फिलहाल कोमल सिंह फरार है, जिसकी तलाश वन विभाग की टीम कर रही है।
जानकारी मिल रही है कि 18 अक्टूबर की रात हाथी के दो साल के शावक को महुआ और धान में कीटनाशक जहर मिलाकर खिलाया गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। आरोपियों ने उसे वहीं दफन कर दिया था और उसके ऊपर धान की फसल बो दी थी। मामला उजागर होने के बाद बिलासपुर से वन विभाग के अधिकारी और डॉग स्क्वॉड की टीम पहुंची हुई थी। हालांकि वन विभाग के अधिकारी अभी मौत की सही वजह नहीं बता रहे हैं।