acn18.com नई दिल्ली/ 15वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिए वोटिंग शुरू हो गई है। वोटिंग सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने संसद भवन परिसर और योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ विधानसभा में वोट डाला है। उधर, बिहार के सीतामढ़ी से विधायक मिथिलेश कुमार स्ट्रेचर पर वोट डालने पहुंचे।
एनडीए की ओर से द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। चुनाव में 4800 से ज्यादा सांसद, विधायक वोट डालेंगे। 21 जुलाई को मतों की गिनती होगी, जबकि नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे।
बंगाल में भाजपा और यूपी में सपा को क्रॉस वोटिंग का डर
बंगाल में भाजपा ने क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए पहले विधायकों को कोलकाता में एक होटल में रखा, फिर सभी को विधानसभा लाकर वोटिंग करा रही है। पार्टी ने शुभेंदु अधिकारी, मनोज तिग्गा और स्वपन मजूमदार को क्रॉस वोटिंग रोकने की जिम्मेदारी सौंपी है। इधर, यूपी में समाजवादी पार्टी के विधायक भी क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं।
तस्वीरों में देखिए राष्ट्रपति चुनाव की वोटिंग…
वोटिंग के बीच 2 बड़े बयान…
1. यशवंत सिन्हा- मैं भी भाजपा में ही रहा हूं। सभी विधायक और सांसद अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट डाले। ये लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है।
2. नरेंद्र मोदी- आज देश में राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है। सदन के इस सत्र में हमें नए राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति का मार्गदर्शन मिलेगा।
इसलिए मुर्मू की जीत तय मानी जा रही
भाजपा ने 21 जून को मुर्मू को उम्मीदवार बनाया था, तब एनडीए के खाते में 5,63,825 यानी 52% वोट थे। 24 विपक्षी दलों के साथ होने पर सिन्हा के साथ 4,80,748 यानी 44% वोट माने जा रहे थे। बीते 27 दिन में कई गैर एनडीए दल समर्थन में आने से मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल गई। सभी 10,86,431 वोट पड़ते हैं तो 6.67 लाख (61%) से अधिक वोट मुर्मू को मिलेंगे। सिन्हा के वोट घटकर 4.19 लाख रह गए। जीत के लिए 5,40,065 वोट चाहिए।
सांप के काटने से महिला की मौत , उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम आमापाली की घटना