Acn18. Com/कोरबा: ऑनलाइन सट्टा खिलाने और खेलने के मामले में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आदतन सटोरिए को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, मोबाइल, नगद रकम जप्त की है, साथ ही उसके फोन-पे के जरिए लाखों रुपये के ऑनलाइन यूपीआई लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर 2026 को कोतवाली पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पुरानी बस्ती रानी रोड स्थित मस्जिद के पीछे एक व्यक्ति मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है और सट्टा-पट्टी लिख रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोह. इसाक कुरैशी उर्फ निक्की (उम्र 43 वर्ष), पिता स्व. ईस्माइल कुरैशी, निवासी वार्ड क्रमांक 06, पुरानी रानी रोड, दुर्गा मंदिर के पास, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
जांच में पता चला कि आरोपी मोबाइल के जरिए श्रीदेवी, टाइम बाजार, मिलन डे एवं कल्याण जैसी ऑनलाइन साइटों पर विभिन्न अंकों एवं जोड़ियों पर सट्टा खेल रहा था और खिला रहा था। उसके मोबाइल की पड़ताल करने पर ऑनलाइन सट्टा साइट तथा सट्टा-पट्टी के अंकों से संबंधित फोटो मिले। पुलिस ने मौके से सट्टा-पट्टी, मोबाइल और सट्टे की नगद रकम जप्त की है। वहीं, आरोपी के फोन-पे नंबर से सट्टे से जुड़े लाखों रुपये के यूपीआई ट्रांजेक्शन की भी जानकारी मिली है।
थाना कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 968/2026 के तहत धारा 6(क) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से सट्टा और जुआ जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही कहा है कि यदि कहीं भी ऐसी अवैध गतिविधि संचालित होती दिखे, तो तुरंत नजदीकी थाना/चौकी या डायल 112 पर सूचना दें। अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





