Acn18. Com.कोरबा जिले के कटघोरा में करीब 14 लाख रुपये कीमत के ट्रैक्टर चोरी के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। चोरी किया गया जॉन डियर ट्रैक्टर दूसरे जिले से बरामद किया गया है। आरोपी ने ट्रैक्टर को बिना चाबी के डायरेक्ट कर चोरी किया था।पूरा मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है, जहां निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन बिंझरा के पास खड़ा जॉन डियर ट्रैक्टर चोरी हो गया था। शिकायत मिलते ही कटघोरा पुलिस हरकत में आई और थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के ग्राम गिरारी से चोरी का ट्रैक्टर बरामद कर जब्त कर लिया।फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.





