Home KORBA कोरबा में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला वीडियो वायरल, नशे...

कोरबा में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला वीडियो वायरल, नशे की जद में नौवीं के छात्र-छात्राएं

0
8

​कोरबा (छत्तीसगढ़): प्रदेश की ऊर्जाधानी कहे जाने वाले कोरबा जिले की एक घटना ने पूरे शिक्षा जगत और अभिभावकों की नींद उड़ा दी है। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कोरबीधतुरा में अध्ययनरत कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं का नशा करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और भविष्य संवारने के सपने होने चाहिए, उस कच्ची उम्र में वे शराब, सिगरेट और गांजे जैसे जानलेवा नशे के आगोश में समाते नजर आ रहे हैं।

​
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में स्कूल की दो छात्राएं बेखौफ होकर शराब का सेवन करती और सिगरेट के कश लगाती दिखाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, नशे की हालत में वे अभद्र भाषा और गाली-गलौज का भी इस्तेमाल कर रही हैं। इसी वीडियो के दूसरे हिस्से में स्कूल के ही कुछ छात्र गांजा पीते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और लोग स्कूलों में बच्चों की निगरानी व अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
​
मामले की गंभीरता को देखते हुए जब विद्यालय के प्राचार्य वीरभद्र सिंह पैकरा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस वायरल वीडियो की पुष्टि की है। उन्होंने स्वीकार किया कि वीडियो में दिख रहे बच्चे उन्हीं के विद्यालय के कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राएं हैं। घटना के सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन हरकत में आ गया है और स्थिति की समीक्षा व आगे की कार्रवाई तय करने के लिए तत्काल स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक बुलाई गई है।
​
यह घटना केवल एक स्कूल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे समाज और युवा पीढ़ी के भटकाव की एक भयावह तस्वीर पेश करती है। अभी ये किशोर दुनियादारी की समझ भी नहीं रखते, और ऐसे नाजुक मोड़ पर यदि वे नशे के दलदल में धंसते चले जाएंगे, तो उनका भविष्य किस अंधकार की ओर जाएगा, इसकी कल्पना मात्र से रूह कांप उठती है।
​जिले में नशे के अवैध कारोबार के फैलते दायरे ने अब स्कूल के मासूम बच्चों को भी अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया है। सवाल यह उठता है कि आखिर इन नाबालिग बच्चों तक शराब, सिगरेट और गांजा जैसे नशीले पदार्थ इतनी आसानी से कैसे पहुंच रहे हैं? इस घटना के बाद से बच्चों के परिजनों, शिक्षकों और समाज के जिम्मेदार नागरिकों में गहरी चिंता व्याप्त है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और पुलिस इस मामले में नशे के सौदागरों पर क्या शिकंजा कसती है और भटके हुए बच्चों को सही राह पर लाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।

error: Content is protected !!