Home छत्तीसगढ़ दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: खेल-खेल में 2 साल के मासूम...

दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं: खेल-खेल में 2 साल के मासूम ने मुंह में दबाया ‘लहसुन बम’, विस्फोट के बाद इलाज के दौरान मौत

0
9

Acn18.com​सरगुजा/अंबिकापुर। रोशनी और खुशियों का पर्व दीपावली एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म दे गया। घर में खेलते समय करीब दो साल के एक मासूम बच्चे ने जमीन पर पड़े ‘लहसुन बम’ (पटाखे) को चॉकलेट या खाने की चीज समझकर मुंह में डाल लिया। बच्चे के दांतों से दबते ही पटाखा मुंह के भीतर ही फट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दो से तीन दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद आखिरकार मासूम ने दम तोड़ दिया।

z11

पुलिस के अनुसार, दीपावली की रात आतिशबाजी के लिए घर में पटाखे लाकर रखे गए थे। अगली सुबह मासूम घर के आंगन में खेल रहा था, तभी उसकी नजर जमीन पर पड़े लहसुन बम पर पड़ी। नासमझी में बच्चे ने उसे उठाकर सीधे अपने मुंह में रख लिया। पटाखा मुंह में ही ब्लास्ट हो गया, जिससे बच्चे के मसूड़ों और अंदरूनी हिस्से में बेहद गंभीर चोटें आईं और मुंह से लगातार खून बहने लगा।
​
बच्चे की चीख सुनकर परिजन दौड़े और लहूलुहान हालत में उसे तत्काल सीतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने मासूम को खून चढ़ाया और लाइफ सपोर्ट सिस्टम (मशीन) पर रखकर उसकी जान बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन अंदरूनी चोटें इतनी गहरी थीं कि मासूम को बचाया नहीं जा सका
इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे गांव और परिवार में शोक की लहर है। मासूम के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि घर में रखा एक छोटा सा पटाखा उनके कलेजे के टुकड़े की जान ले लेगा। इस हादसे ने एक बार फिर छोटे बच्चों वाले घरों में पटाखों को लेकर बरती जाने वाली सावधानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!