सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों की धमक से ग्रामीणों में लगातार दहशत का माहौल बना हुआ है। इलाके में आतंक का पर्याय बने ‘कबरा कान’ वाले हाथी की मौजूदगी को लेकर आखिरकार वन विभाग की नींद टूट गई है। महकमा अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और अधिकारी एयरकंडिशंड कमरों से बाहर निकलकर सीधे जंगलों में डेरा डालकर रात-दिन हाथियों की मानिटरिंग कर रहे हैं।
महंगई और कटेलपारा के जंगल में मौजूद है हाथी
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में खौफ का कारण बना ‘कबरा कान’ वाला हाथी वर्तमान में सूरजपुर वन मण्डल के रामानुजनगर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महंगई और कटेलपारा के जंगलों में डेरा डाले हुए है। हाथी की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलते ही अमला हरकत में आ गया है।
परशुरामपुर या प्रेमनगर की ओर बढ़ने की संभावना
विशेषज्ञों और वन विभाग की ट्रैकिंग टीम के मुताबिक, हाथी के इस ठिकाने से आगे बढ़कर परशुरामपुर की तरफ रुख करने या प्रेमनगर क्षेत्र की ओर जाने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए आसपास के ग्रामीण इलाकों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एसी रूम छोड़कर मैदान में उतरी स्पेशल टीम
लगातार मिल रही शिकायतों और जनता में पनप रहे आक्रोश के बाद वन विभाग की स्पेशल टीम अब पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। जिम्मेदार अधिकारियों ने अपने दफ्तरों और एसी कमरों को छोड़कर सीधे घने जंगलों में मोर्चा संभाल लिया है। वन कर्मियों की विशेष टीमें हाथी की हर एक गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए हैं ताकि उसकी दिशा का समय रहते आकलन किया जा सके और ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की चेतावनी दी जा सके।
प्रमुख बिंदु:
-
दहशत की वजह: ‘कबरा कान’ वाले हाथी की क्षेत्र में मौजूदगी।
-
वर्तमान लोकेशन: महंगई और कटेलपारा का जंगल, रामानुजनगर वन परिक्षेत्र।
-
संभावित मार्ग: परशुरामपुर या प्रेमनगर की ओर बढ़ने की आशंका।
-
प्रशासनिक कार्रवाई: वन विभाग की स्पेशल टीम एसी रूम छोड़ जंगलों में कर रही है रात्रिकालिन मानिटरिंग।





