शिविर में प्राप्त हुए 102 आवेदन, हितग्राहियों को बी-1, स्प्रेयर एवं रेडी-टू-ईट का किया गया वितरण
अम्बिकापुर 05 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु अभियान के तहत मैनपाट विकासखण्ड के ग्राम पंचायत नर्मदापुर स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल में खण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण के लिए प्रेषित किया गया।
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा श्री सुमन नाग, श्री कृष्णा, श्री भंगी, श्री बीरबल, श्री परसराम, श्री मनीराम एवं श्री पंखरा को बी-1 का वितरण किया गया। कृषि विभाग द्वारा श्रीमती धनेश्वरी पन्ना, श्रीमती अनिता, श्रीमती उमावती, श्री शिवराम एवं श्री जमुना प्रसाद को स्प्रेयर का वितरण किया गया। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा श्रीमती चुन्नी, श्रीमती एतवारी, श्रीमती सुखनी, श्रीमती शनियारो, श्रीमती बिधनी, श्रीमती सावित्री, श्रीमती शोकपति एवं नईहारो को रेडी-टू-ईट प्रदान किया गया।
विभिन्न विभागों से संबंधित 102 आवेदन प्राप्त
शिविर में राजस्व विभाग के 07, खाद्य विभाग के 15, पंचायत विभाग के 45, महिला एवं बाल विकास विभाग का 01, लोक निर्माण विभाग के 02, कृषि विभाग का 01, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 03, समाज कल्याण विभाग के 13, शिक्षा विभाग के 02, विद्युत विभाग के 04 तथा क्रेडा के 09 आवेदन सहित कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों को आवश्यक कार्यवाही एवं समयबद्ध निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।
इस अवसर पर जन प्रतिनिधि श्री रजनीश पाण्डेय, श्री जमुना यादव, श्री शंकर यादव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सीतापुर, तहसीलदार मैनपाट, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मैनपाट सहित महिला एवं बाल विकास, कृषि, विद्युत, आदिम जाति कल्याण, स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, मत्स्य, शिक्षा एवं श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत नर्मदापुर के सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।





