Acn18. Com.बलरामपुर से प्रधानमंत्री आवास से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 76 वर्षीय बुजुर्ग विधवा महिला के प्रधानमंत्री आवास को उसकी गैरमौजूदगी में बेटों और अन्य लोगों ने कथित तौर पर तोड़ दिया। महिला ने अब पुलिस से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के डीपाडीह गांव का है। 76 वर्षीय तिलेश्वरी देवी प्रधानमंत्री आवास में अकेली रहती थीं। तबीयत खराब होने के चलते वह कुछ समय के लिए अपनी बेटी के घर गई हुई थीं।
आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उनके बेटों और अन्य लोगों ने मिलकर प्रधानमंत्री आवास को तोड़ दिया। पीड़ित महिला का कहना है कि आरोपी मकान को पूरी तरह जमींदोज कर वहां बाउंड्री वॉल बनाने की तैयारी में थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बुजुर्ग महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अब महिला ने प्रशासन और पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





