Acn18.com राजनांदगांव में गणेश विसर्जन झांकियों का भव्य दौर देखने को मिल रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों से करीब 33 विसर्जन झांकियां निकाली जा रही हैं। झांकियों में कांतारा फिल्म से लेकर देशभक्ति, छत्तीसगढ़ी परंपरा और कृष्ण-हनुमान लीला तक के रंग देखने को मिल रहे हैं। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग शहर की सड़कों पर पहुंचे हैं।
इस बार गणेश विसर्जन झांकियों में पौराणिक कथाओं के साथ आधुनिकता का भी मेल देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा दक्षिण भारतीय फिल्म कांतारा में दिखाए गए पंजुर्ली और गुलिगा दैव पर आधारित झांकी की है। चार जीप में तैयार इस झांकी में वराह की विशाल प्रतिमा भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
वहीं बस स्टैंड गणेश उत्सव समिति की झांकी में माता सती के दहन के साथ वीरभद्र और नंदी के रौद्र रूप को दर्शाया गया है। नवरतन मंडल की झांकी में महाभारत के खांडव वन का अग्नि दहन, जबकि बाल समाज समिति की झांकी में ब्रज की होली का सजीव चित्रण किया गया है।
इसके अलावा कल्कि अवतार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, यमराज-रावण युद्ध और रक्तबीज संहार जैसे प्रसंग भी झांकियों में नजर आ रहे हैं।
वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस ने भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब 800 पुलिसकर्मी तैनात हैं। ड्रोन, सीसीटीवी और 10 टावरों से निगरानी की जा रही है। जाम से बचने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई है।





