Acn18. Com जांजगीर चाम्पा भरत सिंह चौहा
जांजगीर-चांपा में जाति जनगणना को लेकर एक अहम मांग सामने आई है। जांजगीर-चांपा विधायक व्यास नारायण कश्यप ने ओबीसी जातियों की वैज्ञानिक और एकरूप गणना की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने राज्यपाल और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन देकर प्रत्येक जाति के लिए विशिष्ट वैज्ञानिक कोड और मानकीकृत सूची तैयार करने की मांग की है।
विधायक व्यास नारायण कश्यप का कहना है कि जाति जनगणना तभी सामाजिक न्याय का प्रभावी माध्यम बन सकती है, जब हर जाति और समुदाय की सही और वैज्ञानिक तरीके से गणना हो।
उनका कहना है कि सिर्फ जाति का नाम दर्ज करना पर्याप्त नहीं है। एक ही जाति के अलग-अलग क्षेत्रीय नाम, पर्यायवाची, उच्चारण या वर्तनी के कारण अलग-अलग प्रविष्टियां न बनें, इसके लिए वैज्ञानिक कोडिंग और मानकीकरण जरूरी है।
विधायक ने कहा कि देश में कई जातियां अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नामों से जानी जाती हैं। ऐसे में सही कोडिंग नहीं होने पर एक ही समुदाय की आबादी अलग-अलग आंकड़ों में बंट सकती है।
उनके मुताबिक इसका असर ओबीसी, अति पिछड़े, ईबीसी, कारीगर और परंपरागत व्यवसाय से जुड़े समुदायों की वास्तविक संख्या और हिस्सेदारी पर पड़ सकता है।
विधायक ने मांग की है कि गिनती सही हो, आंकड़े एकरूप हों और इन्हीं आंकड़ों के आधार पर सामाजिक न्याय की नीतियां तैयार की जाएं।





