बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने पर जूनियर छात्र तुषार दुबे के साथ सीनियर छात्रों ने मारपीट की।
सीनियर छात्रों ने घेरकर लात-घूंसों से पीटा
मिली जानकारी के मुताबिक, तुषार दुबे को कुछ सीनियर छात्रों ने घेर लिया और उसके साथ कथित तौर पर लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
आरोप है कि मारपीट में कुछ पूर्व छात्र भी शामिल थे। हालांकि, मारपीट की पूरी वजह और घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार पर मारपीट का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कॉलेज में प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने से इनकार करने के बाद विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि इसी बात को लेकर तुषार दुबे के साथ मारपीट की गई।
घटना के बाद कॉलेज के अन्य जूनियर छात्रों में डर का माहौल बताया जा रहा है। छात्रों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।









