Acn18. Com.जांजगीर-चांपा भरत सिंह चौहान चांपा पुलिस की हिरासत में एक 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। मृतक की पहचान शिव सहिस, निवासी मेहंदीपारा चांपा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर चांपा पुलिस युवक को उसके घर से करीब 20 लीटर अवैध देशी शराब के साथ पकड़कर थाने लाई थी। देर रात करीब 10 बजे थाने में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए BDM अस्पताल भेजा।
अस्पताल में उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सुबह करीब 6 बजे युवक को जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया, जहां गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस का कहना है कि युवक को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जबकि मृतक के परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और चांपा थाने का घेराव कर दिया।
हालात को देखते हुए थाने में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या है, उसकी तबीयत थाने में किन परिस्थितियों में बिगड़ी और परिजनों के लगाए आरोपों में कितनी सच्चाई है—इन सभी सवालों पर जांच और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस हिरासत में युवक की तबीयत अचानक क्यों बिगड़ी और उसकी मौत की असली वजह क्या थी?









