Home Uncategorized फर्जी NOC से 23.35 टन खैर लकड़ी का खेल! आरोपी के घर...

फर्जी NOC से 23.35 टन खैर लकड़ी का खेल! आरोपी के घर से मिले 81 लाख कैश, पुलिस ने कसा शिकंजा

0
31

Acn18.Com.महासमुंद में फर्जी दस्तावेजों के सहारे 23.35 टन खैर यानी कत्था लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी मनीष अग्रवाल के घर से 81 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। पुलिस इस रकम को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए इसकी कुर्की की कार्रवाई में जुटी है.

दरअसल, वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन पर 23 हजार 350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि अवैध परिवहन के लिए फर्जी एनटीपीएस एनओसी तैयार की गई और उसे असली दस्तावेज की तरह इस्तेमाल किया गया।

मामले की जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को आरोपी मनीष अग्रवाल के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के मुड़पार गांव स्थित मकान से जुड़े अहम सुराग मिले। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से सर्च वारंट हासिल किया।

7 सितंबर को पुलिस टीम ने मुड़पार गांव स्थित मकान में तलाशी ली। केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी के दौरान एक थैला बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, थैले के अंदर 500 रुपए के नोटों की 162 गड्डियां मिलीं।

गिनती करने पर कुल 16 हजार 200 नोट, यानी पूरे 81 लाख रुपए कैश बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही रकम जब्त कर ली।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में फर्जी दस्तावेज, धोखाधड़ी और वन अधिनियम समेत कई धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है। जब्त 81 लाख रुपए को अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए BNSS की धारा 107 के तहत कुर्की के लिए कोर्ट में आवेदन किया गया है।

अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि 23.35 टन खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और 81 लाख रुपए की बरामदगी के बीच क्या कनेक्शन है? फर्जी NOC का नेटवर्क कितना बड़ा है और इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं—जांच के साथ तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।