झीरम घाटी मामले में NIA कोर्ट के फैसले के बाद कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने कोर्ट के फैसले को आधा-अधूरा न्याय बताते हुए जांच पर गंभीर सवाल उठाए हैं। जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि झीरम हमले की पूरी साजिश अब तक सामने नहीं आई है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि वे अदालत के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन जांच को लेकर कई सवाल अब भी कायम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शुरुआती FIR में जिन प्रमुख नक्सली नेताओं के नाम शामिल थे, बाद की चार्जशीट में उनके नाम क्यों नहीं रहे। कांग्रेस ने यह भी सवाल उठाया कि झीरम हमले के बाद आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख नक्सलियों से पूछताछ क्यों नहीं की गई।
कांग्रेस नेताओं ने परिवर्तन यात्रा की सुरक्षा हटाए जाने और यात्रा का मार्ग बदले जाने को लेकर भी सवाल खड़े किए। उनका आरोप है कि भाजपा सरकार झीरम की पूरी सच्चाई सामने नहीं आने देना चाहती। कांग्रेस ने मामले की पूरी साजिश का खुलासा करने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है।









