कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा था। वहीं, घर की दीवार पर कथित तौर पर सुसाइड नोट लिखकर अपनी बहू को मौत के लिए जिम्मेदार बताया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम:पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मणबंध बस्ती का है। मृतका की पहचान लक्ष्मी मानिकपुरी (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले महिला का अपने पति, बेटे और बहू के साथ विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला ने अपनी बहनों को एक वीडियो भेजा, जिसमें पारिवारिक विवाद से जुड़ी बातें सामने आने की बात कही जा रही है।
दीवार पर लिखा कथित सुसाइड नोट
परिजनों के मुताबिक, महिला ने घर की दीवार पर एक कथित सुसाइड नोट भी लिखा था। इसमें उसने अपनी बहू पूर्णिमा महंत को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया है। घटना के बाद पुलिस ने दीवार पर लिखे गए इस कथित सुसाइड नोट को जांच के दायरे में लिया है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि दीवार पर लिखी गई लिखावट की जांच हैंडराइटिंग एक्सपर्ट से कराई जाएगी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है। वीडियो, कथित सुसाइड नोट और परिवार के सदस्यों से पूछताछ समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही महिला की मौत की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा








