धमतरी। जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के नारी गांव में रेत से भरे ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक मासूम की दर्दनाक मौत की खबर सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक की पिटाई कर दी और ट्रैक्टर में आग लगा दी।
हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश
जानकारी के अनुसार, रेत से भरा ट्रैक्टर नारी गांव से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी चपेट में मासूम आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
रेत वाहनों के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण
लगातार रेत से जुड़े वाहनों की आवाजाही और हादसों से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चक्का जाम भी कर दिया।








