पेंड्रा। मरवाही वनमंडल के मरवाही रेंज में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कटहल की महक से आकर्षित होकर तीन जंगली हाथियों का दल कन्या छात्रावास परिसर में घुस गया। हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब पांच स्थानों से तोड़ दिया। इसके अलावा गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
हाथियों के छात्रावास परिसर में घुसने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। छात्रावास में रह रहे 58 बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रात करीब 12 बजे सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से दूसरे छात्रावास में शिफ्ट कर दिया गया। समय रहते बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पांच जगह से बाउंड्रीवाल तोड़कर परिसर में घुसे हाथी
बताया जा रहा है कि तीन हाथी देर रात छात्रावास परिसर में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बाउंड्रीवाल को करीब पांच स्थानों से क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथियों ने परिसर में बने गार्ड रूम के दरवाजे और खिड़कियों को भी नुकसान पहुंचाया।
हाथियों की मौजूदगी से छात्रावास में रह रहे बच्चों और कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की।
पहले भी हाथियों ने तोड़ी थी बाउंड्रीवाल
जिस बाउंड्रीवाल को हाथियों ने इस बार क्षतिग्रस्त किया है, उसे पहले भी हाथियों द्वारा तोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। बार-बार बाउंड्रीवाल टूटने से छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
वन विभाग और प्रशासन के सामने अब छात्रावास परिसर को हाथियों के संभावित हमले से सुरक्षित रखने के लिए मजबूत और स्थायी इंतजाम करने की चुनौती है।





