कोरिया। जिले के बैकुंठपुर-बिलासपुर मार्ग पर सुरमी गांव के धनुहर पुल के पास बड़ा सड़क हादसा टल गया। खड़ी चढ़ाई पर एक लोड ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पुल तथा नदी के बीच जाकर लटक गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि लोड ट्रक खड़ी चढ़ाई पर आगे बढ़ रहा था, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित होने के बाद ट्रक पुल के किनारे पहुंचकर पुल और नदी के बीच खतरनाक स्थिति में लटक गया।
बड़ा हादसा टला
राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। ट्रक चालक और राहगीरों के भी सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
करीब एक घंटे बाधित रहा यातायात
ट्रक के पुल के पास फंसने के कारण करीब एक घंटे तक बड़े वाहनों का आवागमन बाधित रहा। इसके चलते मार्ग पर वाहनों की कतार लग गई। बाद में ट्रक को हटाए जाने और रास्ता साफ होने के बाद यातायात को दोबारा सुचारू कर दिया गया।
फिलहाल हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। शुरुआती तौर पर खड़ी चढ़ाई में ट्रक के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।






