कांकेर। जिले के चारामा स्वास्थ्य केंद्र में अनुशासनहीनता का बड़ा मामला सामने आया है। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जुआ खेलते पकड़े गए कर्मचारियों पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले में 3 संविदा स्वास्थ्यकर्मियों को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि 3 नियमित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चारामा स्वास्थ्य केंद्र में कुछ स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी समय में जुआ खेलते पाए गए थे। मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई, जिसमें कर्मचारियों की लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी (DHO) ने कार्रवाई करते हुए संविदा कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दीं, वहीं नियमित कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संस्थानों में अनुशासनहीनता और कार्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





