कोरबा।सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित सिंचाई कॉलोनी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर रखी अलमारी को भी तोड़ दिया और उसमें रखे सोना, चांदी, नगदी सहित कीमती सामान ले उड़े।
घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। पीड़ित भारत लाल साहू सिंचाई विभाग में कर्मचारी हैं और काफी लंबे समय से सिंचाई कॉलोनी क्वार्टर नंबर एचपीटी A2/25 में निवासरत हैं। वह किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे और मकान में ताला लगा था। चोरों को लगा कि मकान खाली है, इसी का फायदा उठाकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
भारत लाल साहू ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वह तुरंत घर पहुंचे। घर का मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी पूरी तरह तोड़ी गई थी। घर के अंदर रखे सभी सामान बिखरे पड़े थे। चोरों ने अलमारी में रखे सोना-चांदी के गहने और लगभग 30 से 35 हजार रुपये नगद पार कर दिए। साथ ही घर में जो भी जरूरत का सामान था उसे भी उठा ले गए। पीड़ित का अनुमान है कि कुल मिलाकर लगभग 2 से 2.5 लाख रुपये की चोरी हुई है।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरबा जिले में बीते कुछ समय से चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सूने मकानों, दुकानों और रात के समय गश्त में कमी के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं।
पीड़ित भारत लाल साहू ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।






