
बांगो थाना क्षेत्र के *नानलेपरा गांव* में खाना खाने को लेकर हुए विवाद ने खूनी अंजाम ले लिया। बड़े भाई ने छोटे भाई पर *टांगी से ताबड़तोड़ हमला* कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
*मुर्गा-भात खाते समय हुआ विवाद*
जानकारी के अनुसार *45 वर्षीय मथुरा धनवार* अपनी पत्नी *प्रमिला धनवार* के साथ बड़े भाई *कैलाश धनवार* के घर खाना खाने आया था। घर पर मुर्गा-भात बना था और सभी एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे।
खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया और अपनी पत्नी को बार-बार जल्दी खाना खाने की जिद करने लगा। इसी बात से नाराज होकर बड़े भाई कैलाश का गुस्सा भड़क गया।
आरोप है कि कैलाश ने घर में रखे *टांगी से मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला* कर दिया। हमले में मथुरा गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपत हो गया।
*अस्पताल में हुई मौत, आरोपी फरार*
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में मथुरा को *पोड़ी-उपरोड़ा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र* लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी *कैलाश धनवार गांव से लगे जंगल की ओर फरार* हो गया।
*पुलिस ने शुरू की जांच*
सूचना मिलते ही *बांगो थाना पुलिस* मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से *हत्या में प्रयुक्त टांगी जप्त* कर ली है और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं।
*बांगो थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा* ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





