Home KORBA गेवरा माइंस बैकअप ऑफिस में लूटपाट करने वाले तीन आरोपी को पुलिस...

गेवरा माइंस बैकअप ऑफिस में लूटपाट करने वाले तीन आरोपी को पुलिस ने पकड़ा , न्यायिक रिमांड पर गए जेल

0
3

 

 

 

एसईसीएल गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में मुंह पर कपड़ा बांधकर घुसकर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को दीपका पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में लूटे गए मोबाइल फोन और चोरी किए गए केबल तार की बिक्री से जुड़ी राशि भी जब्त की है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

 

 

पुलिस के अनुसार 7 जुलाई की रात करीब 11 बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाश गेवरा माइंस के बैकअप ऑफिस में घुस गए थे। उस समय ड्यूटी पर तैनात एसईसीएल कर्मचारी जगन्नाथ पटेल का मोबाइल फोन छीन लिया गया। इसके बाद कार्यालय में रखा तांबा केबल वायर लूट लिया गया। आरोपियों ने घटना स्थल में ड्यूटी पर तैनात सीआईएसफ जवान मिथुन एम के साथ मारपीट कर उनका सैमसंग एस-22 मोबाइल भी लूट लिया और फरार हो गए थे।

 

मामले में थाना दीपका में अपराध क्रमांक 317/2026 धारा 310(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अरुण चौहान उर्फ ददू (23), सरजू प्रसाद चौहान (39) और रोहित यादव (18) निवासी ग्राम रालिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर केबल तार की बिक्री से प्राप्त नकदी और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 13 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 27 जुलाई तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि मामले के अन्य आरोपी रोशन यादव, भानु विश्वकर्मा, किरण चौहान और भागवत कुशरे अभी भी फरार हैं जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।