विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा मेगा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन
। विश्व पर्यावरण दिवस के शुभ अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर द्वारा इकाई लाइन गेवरा में एक भव्य मेगा वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इकाई प्रभारी श्री निर्विकार, उप महानिरीक्षक तथा डॉ. नागेंद्र कुमार झा, वरिष्ठ कमांडेंट की गरिमामयी उपस्थिति एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर गेवरा एवं दीपका क्षेत्र के सीआईएसएफ बल सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। अभियान के दौरान लगभग 551 पौधों का रोपण किया गया। साथ ही पूर्व में लगाए गए पौधों एवं वृक्षों की देखभाल करते हुए उनमें पानी भी डाला गया, जिससे उनके संरक्षण एवं संवर्धन को सुनिश्चित किया जा सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री निर्विकार, उप महानिरीक्षक ने कहा कि “पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक औपचारिक संकल्प नहीं, बल्कि हमारे अस्तित्व की अनिवार्य आवश्यकता बन चुका है। वृक्ष एवं प्राकृतिक संसाधन हमें हमारे पूर्वजों से विरासत में प्राप्त हुए हैं और हम इनके केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए इनके संरक्षक भी हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी हम सभी को मिलकर निभानी होगी।”
वहीं डॉ. नागेंद्र कुमार झा, वरिष्ठ कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि “वृक्षारोपण करना तथा लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाए और उनकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।”
कार्यक्रम के अंत में सभी बल सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु सामूहिक संकल्प लेते हुए यह प्रतिज्ञा की कि वे जहां भी रहेंगे, अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे तथा उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
यह मेगा वृक्षारोपण अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि समाज में हरित एवं स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी प्रेरणादायी प्रयास है।




