कोरबा में भारतमाला परियोजना का निर्माणाधीन उरगा-बिलासपुर मार्ग अब यात्रियों के लिए सुविधा नहीं, बल्कि डर और दहशत का रास्ता बनता जा रहा है।
आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने इस मार्ग को अपनी कमाई का जरिया बना लिया है। टोल प्लाजा शुरू होने से पहले ही यहां वाहन चालकों से जबरन “टेरर टैक्स” वसूला जा रहा है।
रविवार को हालात तब और गंभीर हो गए जब कुछ दबंगों ने मृत मवेशियों को सड़क पर रखकर वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। इसके बाद वाहन चालकों से मनमाने तरीके से पैसे वसूले गए।
रायपुर जा रही एमपी नगर की पूर्व पार्षद आशा जायसवाल की पुत्री भी इस घटनाक्रम की प्रत्यक्षदर्शी बनीं। उन्होंने वीडियो जारी कर पूरे मामले का खुलासा किया है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर मृत मवेशी रखकर वाहनों को रोका जा रहा है और फिर चालकों पर पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर करोड़ों की लागत से बन रहे इस राष्ट्रीय महत्व के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कहां है?
यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी अवैध वसूली के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ आश्वासन ही नजर आए हैं।
यदि समय रहते प्रशासन ने सख्त कदम नहीं उठाए तो किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।




