जांजगीर-चांपा। नवगठित नगर पंचायत बम्हनीडीह में पहली बार आम निर्वाचन को लेकर सोमवार को मतदान शुरू हो गया। सुबह 8 बजे से मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। नगर पंचायत बनने के बाद पहली बार हो रहे चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
नगर पंचायत बम्हनीडीह के अध्यक्ष पद के लिए कुल 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला आज मतदाता करेंगे। वहीं 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 49 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 4,390 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें महिला और पुरुष मतदाता बड़ी संख्या में शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगा।
नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद यह पहला चुनाव होने के कारण स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सुबह से ही युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, वहीं चुनावी प्रक्रिया पर अधिकारियों की भी पैनी नजर है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि नगर पंचायत बनने के बाद यह चुनाव क्षेत्र के विकास की दिशा तय करेगा। ऐसे में मतदाता अपने क्षेत्र के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए मतदान कर रहे हैं।
अब सभी की निगाहें मतदान प्रतिशत और मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं, जो आने वाले दिनों में नगर पंचायत बम्हनीडीह की नई सरकार का चेहरा तय करेंगे।



