अंबिकापुर। सीतापुर में नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कथित मारपीट और अभद्र व्यवहार के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। राजस्व निरीक्षक संघ ने विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीतापुर थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक और उनके समर्थकों ने नायब तहसीलदार के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और अभद्र व्यवहार किया। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
सामूहिक हड़ताल की चेतावनी
राजस्व निरीक्षक संघ ने साफ कहा है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो कर्मचारी सामूहिक हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे। संघ के सदस्यों ने थाने पहुंचकर प्रशासन और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
विधायक समर्थकों का भी प्रदर्शन
इधर, विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थन में भी बड़ी संख्या में लोग सीतापुर थाने पहुंच गए। समर्थकों ने थाने के बाहर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों पर गुंडागर्दी का आरोप लगाया और विधायक के समर्थन में जमकर नारे लगाए। वहीं दूसरी ओर राजस्व विभाग के कर्मचारी भी कार्रवाई की मांग को लेकर डटे रहे।
थाने के बाहर बढ़ा तनाव
थाने परिसर के बाहर दोनों पक्षों के समर्थकों की मौजूदगी के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराने की कोशिश की।
मामला बना राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दा
नायब तहसीलदार के साथ हुई कथित मारपीट की घटना अब राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद का रूप लेती जा रही है। एक ओर राजस्व कर्मचारी संगठन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है, वहीं विधायक समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हालात पर नजर बनाए हुए है।




