Home छत्तीसगढ़ बिलासपुर में चलती कार की छत पर स्टंटबाजी, चालक गिरफ्तार; वाहन भी...

बिलासपुर में चलती कार की छत पर स्टंटबाजी, चालक गिरफ्तार; वाहन भी जब्त, सोशल मीडिया रील के लिए युवती ने किया था खतरनाक स्टंट

0
208

बिलासपुर। शहर में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए चलती कार की छत पर स्टंटबाजी करना अब भारी पड़ गया है। कोनी थाना क्षेत्र में वायरल हुए वीडियो पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, एक युवती ने चलती कार की छत पर खड़े होकर स्टंट करते हुए रील बनाई थी। इस दौरान कार सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ रही थी। युवती के अलग-अलग पोज और स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वाहन और चालक की पहचान की गई। इसके बाद कोनी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। मामले में चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत केस दर्ज किया गया है।

स्टंटबाजी को बताया खतरनाक

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की स्टंटबाजी न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर बड़ा हादसा भी हो सकता था। सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए युवाओं द्वारा किए जा रहे खतरनाक स्टंट पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर इस तरह की जानलेवा हरकतें न करें और यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

error: Content is protected !!