रायपुर जिले की बहुमंजिला इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पिथालिया कॉम्प्लेक्स में IAS अधिकारी की पत्नी 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं।
रायपुर। राजधानी रायपुर की बहुमंजिला कमर्शियल इमारतों में लिफ्ट सुरक्षा को लेकर हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में सीनियर आईएएस (ACS) ऋचा शर्मा के लिफ्ट में फंसने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था। वहीं गुरुवार को फाफाडीह स्थित पिथालिया कॉम्प्लेक्स में एक और ऐसी ही घटना सामने आ गई। इस बार एक आईएएस अधिकारी की पत्नी करीब 15 से 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं।
पिथालिया कॉम्प्लेक्स में फिर दोहराई गई लापरवाही
मिली जानकारी के अनुसार, आईएएस अधिकारी सिद्धार्थ कोमल परदेशी की पत्नी गार्गी परदेशी किसी निजी काम से पिथालिया कॉम्प्लेक्स पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने लिफ्ट का इस्तेमाल किया, तकनीकी खराबी के चलते लिफ्ट बीच में ही अटक गई। अचानक लिफ्ट रुकने और दरवाजा न खुलने से अंदर फंसी महिला घबरा गईं। उन्होंने शोर मचाया और मोबाइल के जरिए सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे सुरक्षा कर्मियों और तकनीशियनों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।
IAS अफसर की पत्नी करेंसी टॉवर की घटना से भी नहीं लिया सबक
इससे पहले वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में एसीएस ऋचा शर्मा भी करीब 20 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रही थीं। उस घटना में सामने आया था कि, लिफ्ट का इमरजेंसी अलार्म काम नहीं कर रहा था और अंदर मोबाइल नेटवर्क भी नहीं मिल रहा था। खराब वेंटिलेशन और अंधेरे की वजह से उनकी तबीयत तक बिगड़ गई थी।
सिस्टम पर उठ रहे गंभीर सवाल
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं यह साफ संकेत देती हैं कि, शहर के बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में लिफ्ट मेंटेनेंस महज औपचारिकता बनकर रह गया है। दो हाई-प्रोफाइल मामलों के सामने आने के बाद अब आम लोगों में भी डर और गुस्सा बढ़ रहा है। नगर निगम और संबंधित विभागों से बिल्डिंग संचालकों पर सख्त कार्रवाई और लिफ्ट सेफ्टी ऑडिट की मांग तेज हो गई है।
प्रशासन ने नहीं उठाया कोई ठोस कदम
हालांकि अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है, लेकिन लगातार बढ़ते मामलों के बीच उम्मीद की जा रही है कि जिम्मेदारों पर जल्द कार्रवाई होगी और लिफ्ट सुरक्षा को लेकर सख्त नियम लागू किए जाएंगे




