Home KORBA दुकान में चोरी की, चिप्स और अमूल मिल्क को कर दिया साफ....

दुकान में चोरी की, चिप्स और अमूल मिल्क को कर दिया साफ. खुशबू जनरल स्टोर्स के संचालक को नुकसान, वारदातों से लोग चिंतित

0
95

vlcsnap 2025 11 19 15h57m57s726

कोरबा .कोरबा जिले के हरदी बाजार पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीती रात चोरी की एक घटना हुई है। अज्ञात चोरों ने रेकी चौराहा स्थित खुशबू जनरल स्टोर्स का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और हजारों की नगदी सहित कई जरूरी सामान पार कर दिए। दुकान संचालक दीनबंधु पटेल ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है।

दीनबंधु पटेल अपने भाई के साथ इस दुकान का संचालन करते हैं। दुकान में डेली नीड्स से लेकर अन्य उपयोगी सामान उपलब्ध रहता है और इसी से दोनों भाईयों के परिवार की आजीविका चलती है। मंगलवार को दुकान में रोज़ की तरह कामकाज हुआ और रात लगभग 10 बजे शटर बंद कर दोनों भाई घर चले गए।देर रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़ दिया। दुकान संचालक दीनबंधु पटेल के अनुसार, चोरों ने दुकान में रखे करीब 25,000 रुपये नकद के अलावा कई अन्य सामान भी चुरा लिए। घटना का पता बुधवार सुबह तब चला जब दोनों भाई दुकान पहुंचे और टूटा हुआ ताला तथा बिखरी हुई सामग्री देखी। इसके बाद उन्होंने तत्काल हरदी बाजार पुलिस थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

ठंड का मौसम गहराने के साथ कोरबा जिले में चोरी और डकैती की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। देर रात शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बदमाश सक्रिय हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। याद रहे, 6 नवंबर को बालकोनगर थाना क्षेत्र के तराईमार्ग स्थित सोंगुड़ा में डकैती की बड़ी वारदात हुई थी। बदमाशों ने घर में घुसकर 1.5 लाख रुपये नकद और करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने–चांदी के जेवर पर हाथ साफ कर दिया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पाँच टीमें गठित की थीं, जिनकी कार्रवाई के बाद 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बावजूद विभिन्न क्षेत्रों में चोरी–चकारी की घटनाएँ रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। लोग रात के समय अपने घरों और दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। वर्तमान हालात देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि लोगों को अपने सामान की रक्षा के लिए रातभर जागकर पहरा देना पड़ेगा।