acn18.com कोरबा / कोरबा जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जनजातीय परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता विशेष रूप से की जा रही है। गोमुखी सेवा धाम देवपहरी की पहल पर मेडिकल कॉलेज रायपुर के 125 ट्रेनी डॉक्टर अपने 30 सीनियर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप करते हुए लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे। इसी के साथ उनसे जोड़ी समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा। ग्रामीण लोगों को राहत देने के लिए यह एक विशेष कोशिश है।
ढोल धमाके की आवाज के साथ कोरबा के रेलवे स्टेशन पर इस अंदाज में अपना स्वागत होगा इसकी कल्पना इन डॉक्टरों की टीम ने बिल्कुल नहीं की थी जो राजधानी रायपुर से यहा पहुंची। लिंक एक्सप्रेस के कोरबा स्टेशन पहुंचने पर धूम धड़ाका देख आम यात्री यही समझ बैठे की कोई वीआईपी का आगमन हुआ है। इस गाड़ी में डॉक्टरों की टीम राजधानी से पहुंची जिनका में गेट पर मातृशक्ति ने तिलक और फूलों से स्वागत किया।
खबर के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और गोमुखी सेवा धाम की सकारात्मक पहल पर डॉक्टरों की टीम ने तय किया कि उसके द्वारा कोरबा जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। जिला संघ चालक डॉ विशाल उपाध्याय ने बताया कि 3 दिन तक डॉक्टरों की टीम विभिन्न ग्रामों में पहुंचकर सेवा कार्य करेगी।
किडनी की बीमारी पर शोध कर रहे हैं एक डॉक्टर ने बताया कि पानी में धातु की मात्रा ज्यादा होने के कारण इस तरह की समस्याएं होती हैं। कोरबा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हम लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण करने के साथ ऐसे मामलों को विशेष रूप से देखेंगे। डॉक्टर की टीम के एक वरिष्ठ सदस्य ने बताया कि वनांचल में लोगों के सामने कई प्रकार की समस्याएं होती हैं। उनके समाधान के बारे में गंभीरता से विचार करते हुए इस प्रकार की योजना बनाई गई कि क्यों ना उन्हें सुविधाएं दिलाई जाए।
कोरबा के विवेकानंद सेवा सदन कुआभट्टा में कुछ समय बिताने के बाद डॉक्टर की टीम को देव्पहरी के लिए रवाना कर दिया गया। बताया गया कि अगले तीन दिन तक यह टीम आसपास के गोद लिए गए ग्रामों का रुख करेगी और वहां कैंप करते हुए ग्रामीणों का हाल-चाल जानेगी। इस आधार पर लोगों के दुख दर्द सामने आएंगे और उन्हें निराकृत करने का रास्ता प्रशस्त होगा। उम्मीद करना होगा कि यह कोशिश भारत सरकार के आकांक्षी जिले कोरबा के सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के मामले में मील का पत्थर साबित होगी।




