Home Astrology डीजे की धुन पर नाच रहे किशोर की अचानक हुई मौत, लोगों...

डीजे की धुन पर नाच रहे किशोर की अचानक हुई मौत, लोगों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

0
103

डीजे की धुन पर नाच रहे किशोर की अचानक हुई मौत, लोगों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का लगाया आरोप

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान एक दु:खद हादसा हुआ। यहां डीजे की धुन पर नाच रहे 15 वर्षीय प्रवीण गुप्ता की अचानक मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल का घेराव किया।

 

बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में गणेश विसर्जन के अवसर पर शुक्रवार की शाम उत्साह और उल्लास का माहौल था। इसी दौरान 15 वर्षीय प्रवीण गुप्ता, जो विसर्जन जुलूस में शामिल था, डीजे की धुन पर नाचते-नाचते अचानक गिर पड़ा। परिजन और आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ लोगों का कहना है कि अचानक चक्कर आने और गिरने से उसकी स्थिति बिगड़ी, जबकि परिजन इसे मेडिकल लापरवाही का मामला मान रहे हैं।

परिजनों ने लगाया यह आरोप

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि जब वे बच्चे को लेकर सीएचसी राजपुर अस्पताल पहुंचे, तब वहां मौजूद स्टाफ ने गंभीरता नहीं दिखाई। आरोप है कि लगभग 20 मिनट तक डॉक्टर अस्पताल नहीं पहुंचे, जिसके चलते समय पर इलाज नहीं मिल सका और बच्चे की जान चली गई। परिजनों ने कहा कि अगर डॉक्टर समय पर पहुंच जाते, तो शायद प्रवीण की जान बचाई जा सकती थी।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर में जमा हो गए। लोगों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सीएचसी राजपुर का घेराव किया। भीड़ बढ़ने की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया ताकि स्थिति बिगड़ने से रोकी जा सके।ग्रामीणों का कहना है कि अस्पताल में पहले से ही डॉक्टरों की उपलब्धता को लेकर समस्याएँ रहती हैं और इस हादसे ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है।