acn18.com कोरबा। अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। इससे पहले देशभर में कई प्रकार के अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस श्रृंखला में अयोध्या में पूजित अक्षत कलश देश भर में पहुंचाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अक्षत कलश पहुंचने पर खासा उत्साह देखा गया। पूजा अर्चना के साथ इन्हें आगे रवाना किया गया। राम जन्मभूमि सेवा महोत्सव समिति कोरबा के अध्यक्ष अशोक तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों ने अक्षत कलश को प्राप्त किया। कोरबा में सीतामढ़ी राम जानकी मंदिर से शाम 5:00 बजे अक्षत कलश की स्वागत शोभायात्रा निकाली जाएगी। विभिन्न स्थानों पर स्वागत सत्कार के बाद इसे सीएसईबी चौराहा स्थित गायत्री शक्तिपीठ में स्थापित किया जाएगा और नित्य पूजा अर्चना की जाएगी। इसके लिए तैयारी कर ली गई है।





