Home KORBA पत्नी की पीट-पीटकर हत्या:आरोपी ने थाने पहुंचकर कहा- शराब के चलते बीवी...

पत्नी की पीट-पीटकर हत्या:आरोपी ने थाने पहुंचकर कहा- शराब के चलते बीवी की गई जान, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुली पति की पोल

0
47

Acn18.com/सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लुकापारा में पति ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम लुकापारा में हरि राम खटकर (52 वर्ष) अपनी पत्नी सगुन बाई खटकर के साथ रहता था। चरित्र शंका को लेकर वो अपनी पत्नी के साथ अक्सर मारपीट करता था। शुक्रवार की सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर हरि राम ने अपनी पत्नी की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी।

इसके बाद आरोपी खुद बिलाईगढ़ थाने पहुंचा और वहां पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। आरोपी ने कहा कि उसकी पत्नी रात में शराब पीकर सोई थी, सुबह जब उसने देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस को महिला की लाश देखकर आरोपी पर शक हो गया था।

इधर पोस्टमॉर्टम करने वाले डॉक्टर ने बताया कि महिला की पीट-पीटकर हत्या की गई है। उसके शरीर पर मारपीट के गंभीर निशान पाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

शुक्रवार शाम को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाठी को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।