Home छत्तीसगढ़ अमरनाथ यात्रा के लिए निकले श्रद्धालु:बेमेतरा से 62 लोग पहले जत्थे में...

अमरनाथ यात्रा के लिए निकले श्रद्धालु:बेमेतरा से 62 लोग पहले जत्थे में शामिल, पहलगाम पहुंचकर 1 जुलाई को चंदनबाड़ी से शुरू होगी यात्रा

0
104

Acn18.com/बेमेतरा शहर के शिवभक्त बाबा अमरनाथ की यात्रा के लिए पुराना बस स्टैंड से रवाना हुए। दुर्ग रेलवे स्टेशन से पहलगाम के लिए शिवभक्तों की टोली बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए निकली। पहले जत्थे में लगभग 62 श्रद्धालु शामिल हैं।

अमरनाथ यात्रा 1 जुलाई से शुरू हो रही है। ये यात्रा 2 मार्गों से होकर की जाती है। पहला मार्ग पहलगाम चंदनबाड़ी से होते हुए शिवभक्त 3 दिनों में यात्रा पूरी करते हैं, तो वहीं दूसरी यात्रा बालटाल से शुरू होती है, जो एक दिन में ही यात्रा पूरी हो जाती है। अधिकतर शिव भक्त पहलगाम-चंदनबाड़ी से यात्रा शुरू करते हैं। रक्षाबंधन तक चलने वाली इस यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह भी रहता है।

यात्रा में शामिल महेश राजपूत ने बताया कि इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए बेमेतरा के लगभग 100 से अधिक लोगों ने पंजीयन कराया है। उसके अलावा जिले के अंतर्गत आने वाले साजा थाना, खमरिया, नवागढ़, बेरला, नांदघाट, दुर्ग, भिलाई, बालोद, धमधा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में भोले के भक्त यात्रा के लिए रवाना होंगे।

अपनी बीसवीं अमरनाथ यात्रा पर जा रहे पत्रकार सुजीत शर्मा ने बताया कि जत्थे में शामिल भक्त 29 तारीख की शाम को जम्मू पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम के बाद 30 तारीख की सुबह 5 बजे सभी पहलगाम के लिए रवाना हो जाएंगे। पहलगाम के बेस कैंप में रात्रि विश्राम के बाद 1 जुलाई को सुबह चंदनबाड़ी के रास्ते यात्रा प्रारंभ होगी। इस वर्ष की यात्रा में राकेश पटेल, शिव तिवारी, महेश शर्मा, गोकर्ण यदु, गिरवर साहू, नरेश साहू, प्रमोद सोनी उनके साथ हैं।