महिला पहलवानों को न्याय दिलाने निकाला कैंडल मार्च:BJP नेता बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग, AAP कार्यकर्ताओं ने बिलासपुर में किया प्रदर्शन

Acn18.com/महिला पहलवानों को न्याय दिलाने और भाजपा नेता बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बिलासपुर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कैंडल मार्च निकालकर विरोध-प्रदर्शन भी किया। वहीं, महिला कांग्रेस ने भी महिला पहलवानों पर बर्बरता के विरोध में आंदोलन करने का ऐलान किया है।

AAP की प्रदेश सचिव व एडवोकेट प्रियंका शुक्ला ने कहा कि जैसा कि हम देख रहे है कि हमारे देश के खिलाड़ी जो कि हमारा गौरव है, उन्हें न्याय और अपने हक की लड़ाई लड़नी पड़ रही है। उनके आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है और आरोपी भाजपा नेता बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी नहीं कर उसे संरक्षण दिया जा रहा है।

महिला पहलवानों के साथ है आम आदमी पार्टी
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने शुरू से महिला पहलवानों का साथ दिया। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समर्थन में प्रदर्शन स्थल गए। केंद्र की तानाशाह सरकार लगातार अपने भाजपा नेता को बचाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। इसके विरोध में देश भर में आम आदमी पार्टी आंदोलन कर रही है।

इसी कड़ी में शुक्रवार की देर शाम प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी के निर्देश पर बिलासपुर में AAP पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च देवकीनंदन चौक से निकाला गया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबजी करते हुए महिला पहलवानों को न्याय देने की मांग की गई।

महिला पहलवानों को महिला कांग्रेस देश भर में करेगी आंदोलन
महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष पिंकी बत्रा व ग्रामीण अध्यक्ष सीमा घृतेश ने भी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर महिला पहलवानों के समर्थन में आंदोलन करने का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 4 महीनों से और खासकर 23 अप्रैल से देश की होनहार बेटियां जंतर-मंतर पर बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह के यौन शोषण के खिलाफ आंदोलन कर रही थीं। महिला कांग्रेस पहले दिन से ही तिरंगे का मान बढ़ाने वाली बेटियों की इंसाफ की लड़ाई में उनके साथ खड़ी है।

28 मई को नए संसद भवन के उद्घाटन के दौरान दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर जिस बर्बरता के साथ पहलवान बेटियों के आंदोलन को कुचलने का काम किया हम उसका विरोध करते हैं। इसी कड़ी में बेटियों के साथ देने और बेटियों की आवाज को बुंलद करने के लिए देश भर में आंदोलन किया जाएगा। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशन में आंदोलन की रूपरेखा तय कर रणनीति बनाई जाएगी।