spot_img

अरबपति हिंदुजा फैमिली के 4 सदस्‍यों को जेल:चार साल की सजा, स्विट्जरलैंड में भारतीय नौकरों का शोषण किया, स्टाफ से ज्यादा कुत्तों पर खर्चा

Must Read

acn18.com जिनेवा / भारतीय मूल के अरबपति और ब्रिटेन की सबसे अमीर हिंदुजा फैमिली के 4 सदस्यों को स्विट्जरलैंड की कोर्ट ने शुक्रवार (21 जून) को जेल की सजा दी है। बिजनेसमैन प्रकाश हिंदुजा और उनकी पत्नी कमल हिंदुजा को साढ़े चार साल की सजा मिली है। वहीं उनके बेटे अजय और बहू नम्रता को चार साल की सजा मिली।

- Advertisement -

हिंदुजा परिवार पर अपने नौकरों की तस्करी और शोषण का आरोप लगाया गया था, जिनमें ज्यादातर भारत के अशिक्षित लोग थे। ये स्विट्जरलैंड के जेनेवा में झील किनारे स्थित हिंदुजा परिवार के विला में काम करते थे। कोर्ट ने हिंदुजा परिवार को घरेलू नौकरों के शोषण का दोषी पाया।

हालांकि, कोर्ट ने मानव तस्करी के आरोपों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि उनके स्टाफ को इतनी समझ थी कि वे क्या कर रहे हैं। फैसले के वक्त हिंदुजा परिवार के चारों सदस्य कोर्ट में नहीं थे। हालांकि, उनका मैनेजर और 5वां आरोपी नजीब जियाजी मौजूद था। उसे भी 18 महीने की सजा हुई है।

तस्वीर 17 जून की है। जिनेवा में कोर्ट के बाहर आते अजय हिंदुजा और उनकी पत्नी नम्रता हिंदुजा।

तस्वीर 17 जून की है। जिनेवा में कोर्ट के बाहर आते अजय हिंदुजा और उनकी पत्नी नम्रता हिंदुजा।

अधिकारियों ने हीरे-प्लैटिनम के हार जब्त किए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंदुजा परिवार ने पिछले हफ्ते शिकायतकर्ताओं के साथ एक समझौता किया था। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने केस जारी रखा। स्विस अधिकारियों ने पहले ही हीरे, माणिक और एक प्लैटिनम हार समेत कई संपत्तियों को जब्त कर लिया है, जिसका इस्तेमाल कानूनी शुल्क और जुर्माने को कवर करने के लिए किया जा सकता है।

प्रकाश हिंदुजा को पहले 2007 में भी इसी तरह के आरोपों में दोषी पाया गया था। हालांकि, इसके बाद भी उन्होंने बिना सही दस्तावेजों के स्टाफ को भर्ती करना जारी रखा। हिंदुजा परिवार पर श्रमिकों के पासपोर्ट जब्त करने, उन्हें स्विस फ्रैंक की जगह रुपए में भुगतान करने, विला से बाहर जाने से रोकने और स्विट्जरलैंड में बहुत कम पैसे देकर लंबे समय तक काम करने के लिए मजबूर करने के आरोप थे।

हिंदुजा के वकीलों ने कहा कि उन्होंने फैसले के खिलाफ अपील की है। फोर्ब्स के मुताबिक आईटी, मीडिया, रियल एस्टेट और हेल्थ इंडस्ट्री से जुड़े हिंदुजा परिवार की संपत्ति 1.67 लाख करोड़ रुपए है।

छुट्टी दिए बिना 18 घंटे काम कराते थे
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, स्विट्जरलैंड में सोमवार (17 जून) से हिंदुजा परिवार के खिलाफ मानव तस्करी के मामले में ट्रायल शुरू किया गया था। पीड़ितों की ओर से पेश वकीलों ने कोर्ट को बताया कि कई बार रसोइये या घरेलू सहायकों को बहुत कम या बिना छुट्टी दिए 15 से 18 घंटे तक काम करने को मजबूर किया जाता था।

उनका वेतन स्विस कानून के तहत तय राशि के दसवें हिस्से से कम था। कर्मचारी रिसेप्शन के लिए देर तक काम करते थे और कभी-कभी विला के बेसमेंट में फर्श पर गद्दे लगाकर सोते थे। हिंदुजा परिवार की जरूरत के मुताबिक उन्हें हर वक्त मौजूद रहना जरूरी था। वकील ने कमल हिंदुजा द्वारा बनाए गए डर के माहौल का भी जिक्र किया।

नौकरों से चार गुना पैसे कुत्तों पर खर्च करते थे
सरकारी वकील य्वेस बेरतोसा ने कोर्ट से कहा था कि हिंदुजा परिवार ने अपने कुत्ते पर एक नौकर से ज्यादा खर्च किया। स्टाफ को 654 रुपए रोज यानी सालाना करीब 2.38 लाख रुपए दिए गए, जबकि दस्तावेज बताते हैं कि कुत्ते के रखरखाव और खाने पर सालाना करीब 8 लाख रुपए खर्च किए जाते थे।

वकील ने बताया था कि इन सभी सहायकों के पासपोर्ट जब्त कर लिए गए थे। कई कर्मचारी सिर्फ हिंदी में बात कर सकते थे, इसलिए वे कहीं जा नहीं सकते थे। इन्हें भुगतान स्विस फ्रैंक के बजाय भारतीय रुपयों में दिया जाता था। ताकि वे बाहर जा कर कुछ खरीदारी न कर सकें। इन्हें न नौकरी छोड़ने की इजाजत है और न घर से बाहर निकलने की परमिशन।

हिंदुजा फैमिली ने आरोपों का खंडन किया
हालांकि, हिंदुजा फैमिली ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया था। उन्होंने कहा कि वे खुद स्टाफ की हायरिंग नहीं करते थे। भारत की एक कंपनी उनकी हायरिंग करती है। इसलिए उन पर मानव तस्करी और शोषण के आरोप गलत हैं।

इसके साथ ही हिंदुजा फैमिली ने दावा किया था कि सरकारी वकीलों ने मामले की पूरी सच्चाई नहीं बताई है। उनके विला में स्टाफ के लिए भोजन की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी। उनके रहने के लिए घर भी दिया गया था।

हिंदुजा फैमिली के वकील ने कोर्ट में दावा किया कि उनके कई स्टाफ भारत जाने के बाद फिर से स्विट्जरलैंड में काम करने के लिए लौटे हैं। अगर उन्हें यहां दिक्कत हुई होती तो वे फिर से यहां काम करने क्यों आते।

ब्रिटेन में सबसे अमीर हैं हिंदुजा
हिंदुजा फैमिली ब्रिटेन से अपना कारोबार चलाती है। ये फैमिली दुनिया के सबसे रईस लोगों की लिस्ट में शामिल है। फोर्ब्स के अनुसार, 2023 में हिंदुजा परिवार की कुल संपत्ति 20 बिलियन डॉलर थी। हिंदुजा ब्रिटेन में सबसे धनी फैमिली है।

हिंदुजा फैमिली के गोपी हिंदुजा ब्रिटेन के सबसे रईस शख्स हैं। वे दुनिया के टॉप 200 अमीर लोगों की सूची में शामिल हैं। हिंदुजा ग्रुप का कारोबार टेलीकॉम, ऑइल एंड गैस, पावर एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर, रिएलिटी, ऑटो, हेल्थकेयर आदि सेक्टर्स में है।

110 साल पहले हिंदुजा ग्रुप की रखी गई नींव
हिंदुजा ग्रुप की नींव परमानंद दीपचंद हिंदुजा ने 1914 में मुंबई में रखी थी। उनके चार बेटे हुए। इन्हीं चारों बेटों का परिवार हिंदुजा ग्रुप को मैनेज करता है। पारिवारिक बिजनेस को फिलहाल चार हिंदुजा भाइयों द्वारा मैनेज किया जाता है – श्रीचंद, गोपीचंद, प्रकाश, और अशोक। पिछले साल 17 मई को श्रीचंद हिंदुजा का निधन हो गया था।

हिंदुजा ग्रुप का ऑफिस 1919 में ईरान में शिफ्ट हो गया था। इसके बाद 1979 तक हिंदुजा ग्रुप का कारोबार वही से होता रहा। साल 1979 में ईरान के इस्लामिक क्रांति के बाद वहां की हालात बदल गए जिसके बाद हिंदुजा ग्रुप को लंदन ले शिफ्ट होना पड़ा। हिंदुजा ग्रुप का कारोबार करीब 50 देशों में फैला है और इसमें डेढ़ लाख से भी अधिक कर्मचारी काम करते हैं। भारत में इस ग्रुप की छह लिस्टेड कंपनियां हैं।

बोफोर्स घोटाले से भी जुड़ा था नाम
श्रीचंद, गोपीचंद और प्रकाश हिंदुजा का नाम बोफोर्स घोटाले में भी सामने आया था। इस घोटाले में स्वीडिश कंपनी बोफोर्स पर यह आरोप लगाया गया कि उसने 1986 में भारत सरकार को 1.3 अरब डॉलर की रिश्वत दी थी। इसमें तीनों भाइयों ने मदद की थी। तीनों भाइयों पर CBI ने अक्टूबर 2000 में ये आरोप लगाए थे, मगर साल 2005 में दिल्ली की कोर्ट ने सबूत के अभाव में उन पर लगे सभी आरोपों को खारिज कर दिया।

हिंदुजा परिवार का अनोखा नियम
चार साल पहले हिंदुजा फैमिली में अनबन की खबरें भी सामने आई थीं। दरअसल इसकी वजह इस परिवार में 2014 में हुआ एक समझौता था। समझौते के मुताबिक ‘हिंदुजा ग्रुप की प्रॉपर्टी पर सबका हक है, और कुछ भी किसी का नहीं है।’

मतलब हिंदुजा परिवार के एक भाई के पास जो दौलत है उसपर बाकी भाईयों का भी अधिकार होगा। प्रत्येक व्यक्ति दूसरों को अपने एक्जीक्यूटर के रूप में नियुक्त करेगा। इस समझौते पर चारों भाईयों ने दस्तखत किए थे। लेकिन बाद में हिंदुजा फैमिली के सबसे बड़े सदस्य श्रीचंद हिंदुजा की बेटियों ने इस समझौते से बाहर निकलना चाहा था। इसके लिए उन्होंने कोर्ट में अर्जी भी दी थी।

श्रीचंद हिंदुजा की बेटियों ने आरोप लगाया था कि उनके चाचाओं ने उन्हें परिवार से अलग-थलग कर दिया है। उन्हें आर्थिक रूप से बेहद कमजोर कर दिया है। वही, श्रीचंद हिंदुजा के अन्य भाईयों ने इन दो बहनों पर सारी संपत्ति हथियाने का आरोप लगाया था।

377FansLike
57FollowersFollow


v

377FansLike
57FollowersFollow
Latest News

अनाथ आश्रम के नाम पर मांग रहे थे चंदा,दस्तावेज और संस्थान निकले फर्जी,दो महिला व एक पुरुष गिरफ्तार,बड़ी घटना को दे सकते थे अंजाम

Acn18.com/कोरबा जिले में लगातार हो रही आपराधिक गतिविधीयों को लेकर पुलिस काफी सतर्क है और शिकायत मिलते ही कार्रवाई...

More Articles Like This

- Advertisement -