9 लाख रुपए के गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार:ओडिशा से कर रहे थे तस्करी, बस्तर में खपाने की थी प्लानिंग

Acn18.com/छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पुलिस ने 9 लाख 22 हजार रुपए के गांजा के साथ 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। तीनों ओडिशा से गांजा की तस्करी कर रहे थे। मुखबिर की सूचना के बाद कुआकोंडा में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से एक वाहन समेत अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। मामला जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से एक स्कॉर्पियो वाहन के माध्यम से गांजा की तस्करी की जानी है। इसी सूचना के बाद दंतेवाड़ा के कुआकोंडा में पुलिस ने चेक पोस्ट लगाया और आने-जाने वाली वाहनों की चेकिंग करनी शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो को रोका। वाहन में 3 लोग सवार थे। जिनसे पूछताछ की गई।

पूछताछ में उन्होंने अपना नाम उत्तम पोदरा (27), मिलन पडवी (20) और प्रसन्न जीत विश्वास (23) बताया। जिसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। जिसमें जवानों ने गांजा के कुल 70 पैकेट बरामद किए। इसके बाद तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी से गांजा ला रहे थे। जिसे बस्तर में ही किसी ठिकाने पर पहुंचाना था।

यह पूरा गांजा बस्तर में खपाने की प्लानिंग थी। हालांकि इससे पहले पुलिस ने तस्करों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। दंतेवाड़ा पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया है कि, तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जवान लगातार वाहनों की चेकिंग कर रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस मार्ग से और गांजा की तस्करी की जा सकती है।