बर्खास्त 25 एनएचएम कर्मचारी किए गए बहाल, आंदोलन करने के चलते सरकार ने कर दिया था बर्खास्त
रायपुर। राज्य सरकार ने हड़ताल के दौरान बर्खास्त किए गए 25 एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) संविदा कर्मचारियों की बहाली का आदेश जारी कर दिया है। इस फैसले से प्रदेशभर के स्वास्थ्य कर्मचारियों में हर्ष और संतोष का माहौल है।
गौरतलब है कि 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक प्रदेश के लगभग 16 हजार एनएचएम संविदा कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन व हड़ताल पर थे। हड़ताल के दौरान अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उन 25 कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था, जिन्होंने इस आंदोलन का नेतृत्व किया था, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त था।
आंदोलन समाप्त हुए काफी समय गुजर गया, मगर बर्खास्त कर्मियों को सरकार ने बहाल नहीं किया था, काफी पत्राचार और प्रदर्शन के बाद अब जाकर राज्य शासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए हड़ताल अवधि को शून्य घोषित किया है और सभी 25 बर्खास्त कर्मचारियों को सेवा में पुनः बहाल करने के आदेश जारी किए हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। कर्मियों ने इसके लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। कर्मचारियों का विश्वास है कि जिस तरह सरकार ने यह अहम कदम उठाया है, उसी प्रकार शेष 5 लंबित मांगों पर भी शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।




