स्वागत समारोह एवं सरस काव्य गोष्ठी में साहित्यिक सौहार्द का अनुपम संगम

कोरबा स्थित साहित्य भवन में मुकुटधर साहित्य समिति द्वारा आयोजित स्वागत समारोह एवं सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन वरिष्ठ बाल साहित्यकार एवं छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य बलदाऊ राम साहू के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनाब युनूस दानियालपुरी ने की, जिन्होंने समिति की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बलदाऊ राम साहू के साहित्यिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल चित्र पर पूजा-अर्चना से हुआ। कमलेश यादव (संरक्षक, मुकुटधर साहित्य समिति) ने स्वागत भाषण में बलदाऊ राम साहू के सहज, सरल और साहित्यनिष्ठ व्यक्तित्व को रेखांकित किया। समिति द्वारा शाल, श्रीफल एवं गुलदस्ता भेंट कर मुख्य अतिथि का आत्मीय अभिनंदन किया गया।
अपने उद्बोधन में बलदाऊ राम साहू ने कोरबा के साहित्यिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह उनका साहित्य भवन में प्रथम आगमन है, और यहां की गतिविधियों ने उन्हें अत्यंत प्रभावित किया। उन्होंने स्थानीय साहित्यकारों को निरंतर सृजनशीलता के लिए बधाई दी।
गोष्ठी में जगदीश कुमार श्रीवास, संतोष कुमार मिरी, डॉ. आशा आज़ाद, वीणा मिस्त्री, दीपक सिंह ठाकुर, जीतेन्द्र वर्मा वर्मा खैरझिटिया एवं प्रभात शर्मा ने अपनी उत्कृष्ट कविताओं से श्रोताओं को भावविभोर किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कृष्ण कुमार चंद्रा एवं जीतेन्द्र वर्मा खैरझिटिया ने किया, जबकि दिलीप अग्रवाल ने आभार प्रदर्शन कर कार्यक्रम का समापन किया।
यह आयोजन साहित्यिक समर्पण, सांस्कृतिक चेतना और रचनात्मक संवाद का जीवंत उदाहरण बना, जिसमें कोरबा की साहित्यिक गरिमा और सौहार्द की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
—



