सरगुजा पुलिस ने सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो पोस्ट करने वाले युवक को जेल भेजा, कार्रवाई का वीडियो भी साझा किया है।
सरगुजा जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ स्टंट और धमकी भरे वीडियो पोस्ट करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्टाग्राम पर धमकी भरा वीडियो डालने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसे शहरवासियों की सराहना मिल रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से जहां आम जनता में राहत और सुरक्षा की भावना देखी जा रही है, वहीं ऐसे वीडियो बनाने वालों में हड़कंप मच गया है। सरगुजा पुलिस की विशेष टीम लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नजर बनाए हुए है और ऐसे कंटेंट की मॉनिटरिंग कर रही है।
पुलिस ने आम जनों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर धमकी भरे वीडियो, खतरनाक स्टंट और अभद्र भाषा का प्रयोग न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




