तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत, गांव का माहौल हुआ गमगीन…

0
60

तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत, गांव का माहौल हुआ गमगीन…IMG 20250713 WA0031

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले में तालाब में डूबने से सगे भाई-बहन समेत चार बच्चों की मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद संबंधित गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

पुलिस के मुताबिक जिले में बलौदा थाना क्षेत्र के भैसतरा गांव में एक तालाब में नहाने के दौरान डूबने से चार बच्चों- पुष्पांजली श्रीवास (8 वर्ष), उसका भाई तुषार श्रीवास (5 वर्ष), ख्याति केंवट (6 वर्ष) और अंबिका यादव (6 वर्ष) की मौत हो गई। ये चारों बच्चे दोपहर बाद लगभग एक बजे स्कूल से आने के बाद खेलते हुए तालाब के करीब पहुंचे और नहाने लिए पानी में उतर गए।

अधिकारियों ने बताया कि नहाने के दौरान बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। जब बच्चे देर तक घर वापस नहीं लौटे तब परिजनों उनकी तलाश शुरू की और उन्हें तालाब के किनारे बच्चों के कपड़े नजर आये। बाद में परिजनों एवं ग्रामीणों ने मिलकर तालाब से बच्चों को बाहर निकाला ।

अधिकारियों ने बताया कि तालाब से निकालने के बाद परिजन बच्चों को करीब के बलौदा गांव के अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है। इधर पोस्टमार्टम के बाद गांव में सभी बच्चों का अंतिन संस्कार किया गया। एक साथ 4 बच्चों की मौत ने सभी को दुखी कर दिया है।